त्योहारों की सुरक्षा और नकबजनी रोकने को एसपी ने दिए सख्त निर्देश

0Shares

देवरिया, । पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सोमवार को गूगल मीट के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी की। इसमें त्योहारों की सुरक्षा, प्रतिमा विसर्जन, नकबजनी की रोकथाम, मिशन शक्ति और यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने दुर्गा पूजा पंडालों, मेला स्थलों और विसर्जन घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करने तथा भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
नकबजनी रोकने को बढ़ेगी रात्रि गश्त
18 से 27 अक्टूबर तक चल रहे 10 दिवसीय अभियान के तहत रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच करने तथा बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। लंबित चोरी और नकबजनी की घटनाओं का पर्दाफाश करने के लिए सीसीटीवी फुटेज व साक्ष्यों की जांच पर जोर दिया।
महिला सुरक्षा और यातायात पर जोर
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला हेल्पडेस्क पर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा महिला बीट पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेला स्थलों और प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु रखने, पार्किंग की उचित व्यवस्था करने और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू करने को कहा गया।
एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और आमजन के साथ शालीन व्यवहार करते हुए पूरी सतर्कता से ड्यूटी निभाने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *