रुद्रपुर में तमंचा और तीन कारतूस के साथ तीन युवक गिरफ्तार

0Shares

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक अवैध देशी तमंचा, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना रुद्रपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने लुअठही करियहवा मोड़ के पास एक होंडा साइन मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस और 7.62 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के बोहाबार निवासी पंकज साहनी (22), दिवाकर साहनी (23) और भगवंत उर्फ नितेश उर्फ छोटू साहनी (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में थाना रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 505/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में अभियोग पंजीकृत किया है। बरामद मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज कर दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सौरव सिंह, मुख्य आरक्षी विजय कुमार, आरक्षी बृजभान यादव, रिजर्व आरक्षी संदीप कुमार, अमन सिंह और आरक्षी अंकित बिंद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *