सुरक्षा, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, अफवाहों से दूर रहने की अपील

0Shares

भाटपाररानी (देवरिया)। शारदीय नवरात्र और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को उपजिलाधिकारी दीपराज सिंह और क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने पुलिस बल के साथ खामपार थाना क्षेत्र के किरवनिया तथा श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के हरही घाट समेत विभिन्न विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों, श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गहरे पानी और जोखिम वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा प्रवेश और निकास मार्गों को अवरोधमुक्त रखने पर विशेष जोर दिया।
इसी क्रम में उपजिलाधिकारी बरहज और क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान ने सुरौली थाना क्षेत्र के झिरुआ बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूजा आयोजकों से बातचीत कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पूजा पंडालों में पुलिसकर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। आयोजकों को स्वयंसेवकों को सतर्क रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।
पुलिसकर्मियों को लगातार पैदल गश्त और चेकिंग करने, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों और बुजुर्गों की सहायता करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अव्यवस्थित पार्किंग रोकने, यातायात सुचारु रखने और अफवाहों का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *