गन्ने के खेत में मिला छह माह का मासूम, महिला ने अपनाने की जताई इच्छा

0Shares

भटनी (देवरिया)। भटनी थाना क्षेत्र के घंटी बाजार इलाके के खुटहा गांव में गन्ने के खेत में छह माह का मासूम बच्चा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेत में बारिश और ओस से भीगे बच्चे पर राहगीरों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बच्चे की मां उसे वहां छोड़कर चली गई थी।
गांव की दुर्गावती देवी पत्नी अवधेश खरवार ने मासूम के प्रति ममता दिखाते हुए उसकी देखभाल और पालन-पोषण की जिम्मेदारी लेने की इच्छा जताई है। दुर्गावती देवी ने बताया कि उनकी छह बेटियां हैं और अब उन्हें एक बेटा मिल गया है। उन्होंने बच्चे को अच्छी परवरिश देने की बात कही। उनके पति मुंबई में रहकर निजी नौकरी करते हैं। पत्नी के इस फैसले से वह भी खुश हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने बच्चे के मिलने की सूचना ग्राम प्रधान रामानंद यादव को दी। ग्राम प्रधान ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर भटनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहमति से बच्चे को दुर्गावती देवी की देखरेख में सौंप दिया गया है।
ग्राम प्रधान रामानंद यादव ने बताया कि गांव की महिला ने बच्चे की जिम्मेदारी लेने की इच्छा जताई है। वहीं, भटनी थानाध्यक्ष पंकज गुप्ता के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी गांव पहुंचे थे। मामले की जानकारी संबंधित बाल संरक्षण अधिकारियों को दी गई है, जिनके माध्यम से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जानी है।
बच्चे की मां कौन है और किन परिस्थितियों में वह उसे खेत में छोड़कर गई, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। घटना को लेकर गांव में चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *