लालगंज (आजमगढ़)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुआ कला स्थित एसबी इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को विद्यालय की छत से गिरकर परिचारक की मौत हो गई। हादसे के समय वह छत पर साफ-सफाई करने गए थे। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर शेरवा निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह (45) लहुआ कला स्थित एसबी इंटर कॉलेज में लगभग 15 वर्षों से परिचारक के पद पर कार्यरत थे।गुरुवार को दिन में लगभग 11 बजे वह विद्यालय की छत पर साफ-सफाई करने गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नीचे सड़क पर बने गेट के पास गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से वह घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची देवगांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।मृतक के दो पुत्र हैं। बड़े पुत्र प्रयत्न कुमार सिंह (17) और छोटे पुत्र अंश सिंह (15) हैं। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी ज्योति सिंह और मां चमेली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
