लालगंज (आजमगढ़)। पूर्णमासी पर लगने वाले तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले के चौथे दिन मूर्ति विसर्जन के दौरान पांच-छह घंटे तक चले डीजे कंपटीशन की तेज धमक से हार्ट अटैक के रोगी सहित पूरे नगरवासी परेशान रहे। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।आस्था की आड़ में डीजे संचालक मनमानी करते रहे और लगभग चार घंटे तक डीजे बजता रहा। दरवाजा-खिड़की बंद करने के बाद भी घर में बैठे लोग डीजे की धमक से परेशान रहे। नगर पंचायत कटघर लालगंज निवासी अतुल जायसवाल ने बताया कि डीजे कंपटीशन से पूरा परिवार परेशान रहा। सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट का निर्देश है कि रात 10 बजे के बाद डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध है,जबकि नगर पंचायत कटघर लालगंज में 28 अक्टूबर की रात एक बजे तक डीजे कंपटीशन चलता रहा।मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि मेन रोड पर मकान होने के कारण डीजे की धमक से पूरा परिवार परेशान रहा। पीयूष गुप्ता ने बताया कि छोटे बच्चे को परेशान होते देख मां रोने लगी। विनय सिंह, डाक्टर प्रदीप राय,डाक्टर अरविंद चौरसिया और डाक्टर सुरेंद्र नाथ गुप्ता भी डीजे की तेज धमक से परेशान रहे। लोगों ने प्रशासन से ऐसे डीजे संचालको पर कार्यवाही करने की मांग की।
