फरिहा मेला के आयोजन को लेकर पुलिस चौकी पर हुई पीस कमेटी की बैठक

0Shares

पूर्वांचल के कई जिलों से पहुंचते हैं लोग, एमएलसी काशीनाथ यादव और धर्मेंद्र सोलंकी के बीच होगा बिरहा मुकाबला।

आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक पर लगने वाला पूर्वांचल का ऐतिहासिक मेला आगामी 3 नवंबर को भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। मेले में पूर्वांचल के कई जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से फरिहा पुलिस चौकी पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस अधिकारियों, मेला एवं दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने भाग लिया।
बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर, निजामाबाद थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह तथा फरिहा पुलिस चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा सहित फरिहा चौकी और निजामाबाद थाने के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर और थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन और लोगों से आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की।
बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। निजामाबाद रोड, सरायमीर रोड, आजमगढ़ रोड और मोहम्मदपुर रोड पर होने वाले आयोजनों को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे। उन्होंने श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की, ताकि मेले के दौरान जाम की समस्या न हो और आवागमन सुचारु बना रहे।
बैठक में निजामाबाद रोड स्थित श्री दुर्गा पूजा संगठन समिति के अध्यक्ष बाल गोविंद यादव, सरायमीर रोड स्थित शिव पार्वती शक्ति दल के अध्यक्ष प्रमोद यादव, मोहम्मदपुर रोड स्थित श्री श्री दुर्गा बाल दल के अध्यक्ष अजय सोनकर, आजमगढ़ रोड स्थित बजरंग दल के अध्यक्ष रवि मोदनवाल और मां भवानी दल के अध्यक्ष लाल बहादुर मौर्य तथा मोहम्मदपुर रोड स्थित श्री श्री बाल दल के प्रबंधक अमरनाथ कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे मेले के आयोजन में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की परंपरा को कायम रखें।
फरिहा मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत बिरहा मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसमें एमएलसी काशीनाथ यादव और धर्मेंद्र सोलंकी के बीच बिरहा की प्रस्तुति प्रस्तावित है। इसे लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। मेले में मनोरंजन के साथ-साथ पूर्वांचल की लोक संस्कृति और पारंपरिक बिरहा गायन की झलक भी देखने को मिलेगी।
फरिहा चौक का यह ऐतिहासिक मेला धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक माना जाता है। 3 नवंबर को आयोजित होने वाले मेले में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और मेला समितियां तैयारियों में जुटी हैं। अब लोगों की निगाहें यातायात व्यवस्था, जाम से निपटने और संभावित रूट डायवर्जन को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *