देवरिया । पेंशनरों की सुविधा के लिए शासन ने ऑनलाइन डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की व्यवस्था की है। इसके तहत सेवानिवृत्त एवं पारिवारिक पेंशनर jeevanpramaan.gov.in वेबसाइट, जीवन प्रमाण एप और उमंग ऐप के माध्यम से घर बैठे अपना जीवित प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। इसके लिए कोषागार आने की अनिवार्यता नहीं होगी।
वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि पेंशनर बैंक खाता संख्या, पीपीओ नंबर और आधार के जरिए डिजिटल प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। यह प्रमाण पत्र वर्ष में एक बार किसी भी माह में जमा किया जा सकता है। पीपीओ नंबर की जानकारी न होने पर पेंशनर कोषवाणी पोर्टल से इसे प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी पेंशनरों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
इस संबंध में पेंशन संगठन के अध्यक्ष श्रीराम त्रिपाठी की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर पेंशनरों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
