अतिक्रमण और भीड़भाड़ से राहगीर परेशान, मरीजों की जान पर बन आती है; जिम्मेदारों से व्यवस्था सुधारने की मांग
सलेमपुर (देवरिया)।आदर्श नगर पंचायत सलेमपुर के स्टेशन रोड पर सुबह होते ही सब्जी की दुकानें सज जाती हैं। देखते ही देखते मुख्य मार्ग सब्जी मंडी में तब्दील हो जाता है। सड़क पर दुकानों और खरीदारों की भीड़ के कारण आवागमन बाधित रहता है। यह मार्ग रेलवे स्टेशन, तहसील और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने का प्रमुख रास्ता है।
सबसे गंभीर स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब मरीजों को लेकर एंबुलेंस इस जाम में फंस जाती है। कई बार परिजनों को मजबूर होकर एंबुलेंस से उतरकर मरीज को पैदल ले जाना पड़ता है। इससे मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है। वहीं, ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी जाम के कारण समय पर पहुंचने में दिक्कत होती है और कई बार उनकी ट्रेन तक छूट जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन रोड पर सुबह के समय सब्जी दुकानों के कारण नियमित रूप से जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आती।
लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि स्टेशन रोड पर लगने वाली सब्जी दुकानों के लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था की जाए तथा मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि एंबुलेंस, यात्रियों और आम राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।
