एड्स जागरूकता महाअभियान आयोजित।
सिधौना/मेहनाजपुर (आजमगढ़)। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज कूबा पीजी कॉलेज दरियापुर नेवादा, आजमगढ़ में ‘रेड रिबन क्लब’ द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक वृहद एड्स जागरूकता महाअभियान एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अभिमन्यु यादव ने की। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा, “युवा समाज की रीढ़ हैं। एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे सशक्त माध्यम है। रेड रिबन क्लब के माध्यम से युवा न केवल स्वयं जागरूक होंगे, बल्कि ग्रामीण व क्षेत्रीय स्तर पर भी स्वास्थ्य जागरूकता की
अलख जगाएंगे।” उन्होंने विद्यार्थियों को एचआईवी से बचाव, भ्रांतियों के निवारण और सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एचआईवी/एड्स नियंत्रण में युवाओं की भूमिका पर अपने प्रखर विचार प्रस्तुत किए। सर्वश्रेष्ठ को प्रस्तुत भी किया गया।
कार्यक्रम का कुशल एवं सफल संचालन डॉ. राणा प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ रितेश वर्मा, डॉ. शैलेंद्र प्रताप रघुवंशी, डॉ. सुरेंद्र पांडे, डॉ. राजीव कुमार त्रिपाठी, डॉ. पंकज पांडे, डॉ. पंकज कुमार सिंह, डॉ. बिकेश गुप्ता डॉ संतोष उपाध्याय सहित समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
