मिल्कीपुर में बनेगा एनएसजी का क्षेत्रीय हब, 67 एकड़ भूमि का प्रस्ताव

0Shares

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से महज 500 मीटर दूर देवगांव पूरे लाल खां में प्रस्तावित केंद्र, स्थल सर्वे पूरा।

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के देवगांव पूरे लाल खां में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) का क्षेत्रीय हब स्थापित करने के लिए 67 एकड़ भूमि का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्तावित भूमि का अधिकारियों द्वारा स्थल सर्वे भी पूरा कर लिया गया है। अब शासन से प्रस्ताव के अनुमोदन के बाद भूमि आवंटन सहित आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित स्थल पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। अयोध्या धाम से इसकी दूरी लगभग 65 किलोमीटर बताई गई है। अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के निकट गोमती नदी के किनारे स्थित होने तथा एक्सप्रेसवे से सीधा जुड़ाव होने के कारण यह स्थान आपातकालीन आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रस्तावित एनएसजी क्षेत्रीय हब में ब्लैक कैट कमांडो के प्रशिक्षण, परिचालन तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुविधाओं के लिए आधारभूत ढांचा विकसित किए जाने की योजना है। केंद्र स्थापित होने पर अयोध्या के साथ प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर समेत पूर्वांचल के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किसी आतंकी खतरे अथवा हाई रिस्क ऑपरेशन की स्थिति में एनएसजी की त्वरित पहुंच सुगम हो सकती है। आवश्यकता पड़ने पर आसपास के राज्यों में भी सुरक्षा बलों की तैनाती के लिए यह केंद्र उपयोगी हो सकता है।
अयोध्या में एनएसजी की मौजूदगी पहले से है। अयोध्या कैंट क्षेत्र के गौरा बारीक में एनएसजी के लिए करीब आठ एकड़ भूमि 99 वर्ष की लीज पर उपलब्ध कराई जा चुकी है। क्षेत्रीय स्तर पर बड़े केंद्र की आवश्यकता को देखते हुए अब मिल्कीपुर में 67 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है।
उत्तर भारत में मजबूत हो सकती है एनएसजी की पहुंच
मिल्कीपुर में प्रस्तावित क्षेत्रीय हब एनएसजी की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और क्षेत्रीय पहुंच को बढ़ाने में सहायक हो सकता है। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं और वीआईपी आवागमन में वृद्धि के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है। ऐसे में प्रस्तावित केंद्र को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
933 बीघा ग्राम समाज की भूमि में से 67 एकड़ प्रस्तावित
मिल्कीपुर एसडीएम पवन कुमार शर्मा ने बताया कि एनएसजी हब के लिए 67 एकड़ भूमि का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और अधिकारियों द्वारा स्थल का सर्वे भी किया गया है। भूमि आवंटन एवं हब की स्थापना की अंतिम प्रक्रिया शासन स्तर से प्रस्ताव के अनुमोदन और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद स्पष्ट होगी।
ग्राम प्रधान शंकर बक्श यादव ने बताया कि पूरे लाल खां में करीब 933 बीघा ग्राम समाज की भूमि है। इसमें से 67 एकड़ भूमि एनएसजी हब के लिए ग्राम प्रबंध समिति की ओर से प्रस्तावित की गई है। अधिकारियों ने स्थल का सर्वे कर प्रस्ताव शासन के अनुमोदन के लिए भेज दिया है। हब में प्रशिक्षण, सुरक्षा संबंधी कार्यशालाएं और कार्यालय स्थापित होने से क्षेत्र में सुरक्षा के साथ विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *