
देवरिया। पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को जनपदीय पुलिस ने कार्यालयों, थानों, चौकियों और पुलिस लाइन में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान परिसर में खड़े वाहनों को क्रमवार व्यवस्थित किया गया। अभिलेखों व अन्य संसाधनों को सुव्यवस्थित करने के साथ ही पेड़-पौधों की सफाई, सूखे पत्तों को हटाने और खर-पतवार की निराई की गई। पौधों की छंटाई कर परिसर को व्यवस्थित किया गया। कार्यालयों में फर्नीचर व अन्य उपकरणों की भी सफाई कर रख-रखाव दुरुस्त किया गया।
पुलिसकर्मियों ने श्रमदान के साथ पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया गया।
