लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

0Shares

देवरिया। पुलिस लाइंस स्थित सभागार में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने रुद्रपुर सर्किल के सभी थानों का अर्दली रूम आयोजित कर लंबित विवेचनाओं और अभियोगों की थाना व विवेचकवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
अर्दली रूम में थाना प्रभारी और विवेचक केस डायरी व विवेचना रजिस्टर के साथ उपस्थित रहे। हेड मुंशी व क्राइम मुंशी ने अपराध रजिस्टर प्रस्तुत किया। एएसपी ने तीन से छह माह, छह से 12 माह, एक से दो वर्ष और दो वर्ष से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की स्थिति देखी। पार्ट पेंडिंग मामलों तथा दूसरे जिलों में स्थानांतरित विवेचनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली।
उन्होंने बीएनएस के तहत दर्ज उन अभियोगों की भी समीक्षा की, जिनमें 60 व 90 दिन से अधिक समय से विवेचना लंबित है। इसके अलावा गोवध, गैंगस्टर, पुरस्कार घोषित और लंबे समय से वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की प्रगति की जानकारी ली।
एएसपी ने विवेचकों को आवश्यक साक्ष्य जुटाने, गवाहों के बयान दर्ज करने तथा तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों का समुचित संकलन कर विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित मामलों को चिह्नित कर उनके निस्तारण की कार्ययोजना बनाई जाए। विवेचना में अनावश्यक विलंब या लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *