
सोनीपत। विधायक निखिल मदान ने श्री गौशाला जटवाड़ा, पुरखास रोड को गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं देखभाल के लिए अनुदान राशि का चेक सौंपा। मौके पर गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष सुमन कुमार,गौ सेवा आयोग के सदस्य सुरेंद्र संधू सहित गौ शाला जटवाड़ा के प्रबन्धन समिति के सदस्य मौजूद रहे। विधायक निखिल मदान ने अपने आवास पर गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्यों से मुलाकात की और गौशाला में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। विधायक निखिल मदान ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का अभिन्न अंग है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। गौवंश का संरक्षण और बेसहारा गोवंश की उचित देखभाल करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि गौशालाएं निस्वार्थ भाव से गौवंश की सेवा और संरक्षण का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। इन संस्थाओं के माध्यम से बेसहारा एवं जरूरतमंद गोवंश को आश्रय, चारा और चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। ऐसे पुनीत कार्यों में सहयोग करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। विधायक ने गौशाला प्रबंधन समिति को आश्वस्त किया कि गौसेवा और गोवंश संरक्षण से जुड़े कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों और गौसेवकों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही गौशालाएं सेवा और संरक्षण के केंद्र के रूप में कार्य कर रही हैं। अंत में उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से गौसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग करने की अपील की। मौके पर हरियाणा गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष सुमन कुमार, सदस्य गौ सेवा आयोग सुरेंद्र संधू,अशोक, बलबीर,कंवर सिंह,ओम प्रकाश,महताब आदि लोग मौजूद रहे।
