देवरिया। एक अक्टूबर से शुरू होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 अक्टूबर से चलने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की बैठक की। गूगल मीट के माध्यम से हुई बैठक में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, जलभराव की रोकथाम और एंटी लार्वा दवा के छिड़काव पर विशेष ध्यान देने को कहा। शहरी क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण, सफाई और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को संचारी, जलजनित व वेक्टर जनित रोगों की निगरानी, घर-घर सर्वे, लक्षण वाले लोगों की जांच व उपचार सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने मच्छरों के प्रजनन स्थलों को चिन्हित कर निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा जरूरत के अनुसार एंबुलेंस की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में स्वच्छता और जागरूकता अभियान चलाने, जबकि पशुपालन, कृषि, उद्यान और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को भी अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा।
डीएम ने कहा कि अभियान की सफलता सामूहिक प्रयास पर निर्भर है। जनपद, तहसील और ब्लॉक स्तर पर समितियों के माध्यम से अभियान की नियमित समीक्षा और रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रभारी चिकित्साधिकारी ऑनलाइन जुड़े रहे।
