मूसलाधार बारिश और आंधी-तूफान से बिजली व्यवस्था प्रभावित

0Shares

सिधौना/मेहनाजपुर (आजमगढ़)। मूसलाधार बारिश के साथ तेज आंधी और तूफान के चलते मेहनाजपुर क्षेत्र के आसपास कई गांवों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने के साथ विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
एमएलसी प्रतिनिधि अनुराग तिवारी ने बताया कि मेहनाजपुर व सिधौना क्षेत्र के आसपास कई गांवों में आंधी-तूफान से पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं। वहीं ग्राम सभा बरवा में शिव मंदिर के पास हाई वोल्टेज लाइट आंधी तूफान में गिर गया।कई जगह पेड़ गिरने से रास्ते भी बाधित हुए हैं। सूचना मिलते ही संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ों की कटाई कर उन्हें तत्काल हटाने में जुटे हैं, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और विद्युत लाइनों की मरम्मत का कार्य भी जल्द पूरा किया जा सके।
खराब मौसम और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त खंभों, तारों और विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने में लगातार जुटे हुए हैं। बारिश के बीच कर्मचारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर बिजली व्यवस्था बहाल करने के प्रयास किए जाने की ग्रामीणों ने सराहना की है।
ग्रामीणों का कहना है कि विपरीत मौसम में भी बिजली विभाग के कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ काम कर रहे हैं। जगह-जगह गिरे पेड़ों को काटकर हटाया जा रहा है तथा क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था को ठीक करने का प्रयास जारी है। लोगों ने कर्मचारियों की मेहनत और तत्परता की प्रशंसा करते हुए जल्द विद्युत आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद जताई है। जेई अजीत श्रीवास्तव व मेहनाजपुर जेई संजय कुमार अपने कर्मचारियों के साथ क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को तत्काल सही करने का प्रयास करने में लगे हैं। जिससे बिजली व्यवस्था से लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *