दिल्ली विश्वविद्यालय में हुआ ‘अवसर 2.0’ का आयोजन

0Shares

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के आदरणीय यशस्वी कुलपति प्रो. योगेश सिंह के मार्गदर्शन में तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय के तत्वावधान में केंद्रीय प्लेसमेंट सेल द्वारा ‘अवसर 2.0’ रोजगार एवं इंटर्नशिप मेले का आयोजन किया गया। यह मेला नॉर्थ कैंपस स्थित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित हुआ।
‘अवसर 2.0’ का उद्देश्य दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों से सीधे संवाद का मंच प्रदान करना तथा उनके लिए रोजगार और इंटर्नशिप की बेहतर संभावनाएँ उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए 10 लाख रुपये से अधिक तक के वार्षिक वेतन पैकेज के अवसर उपलब्ध रहे, जबकि इंटर्नशिप के लिए अधिकतम 60,000 रुपये प्रतिमाह तक के स्टाइपेंड के अवसर भी प्रदान किए गए। ‘अवसर 2.0’ में लगभग 69 कंपनियों एवं संगठनों ने सहभागिता की तथा 7,000 से अधिक विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की देशी एवं विदेशी कंपनियों और संस्थानों ने विद्यार्थियों को रोजगार तथा इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराए।
इस आयोजन के बारे में बताते हुए छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी ने कहा कि ‘अवसर’ जॉब मेला विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं कौशल प्रदर्शित करने तथा रोजगार और इंटर्नशिप की उपयुक्त संभावनाओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
‘अवसर 2.0’ दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को रोजगार के बदलते परिदृश्य से जोड़ने, उनके कौशल को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने तथा रोजगार एवं इंटर्नशिप के अवसरों तक उनकी पहुँच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। केंद्रीय प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण के साथ-साथ विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *