यूपी विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी अखिल भारत हिंदू महासभा : स्वामी चक्रपाणि

0Shares

 

 

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की राजनीति का हिंदू महासभा देगी लोकतांत्रिक जवाब, हिंदुत्ववादी दलों को एकजुट कर बनेगा राष्ट्रीय गठबंधन।

नई दिल्ली। अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जगतगुरु सनातन सम्राट परम पूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने बड़ी राजनीतिक घोषणा करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिल भारत हिंदू महासभा प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने स्वतंत्र प्रत्याशी उतारेगी। महासभा उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक शक्ति के साथ हिंदुत्व की विचारधारा को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।
स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की पावन धरती है। यह सनातन संस्कृति और भारतीय सभ्यता की आत्मा है। उत्तर प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश में जातिगत विभाजन और सांप्रदायिक राजनीति के स्थान पर हिंदुत्व की विचारधारा को मजबूत करने के लिए महासभा पूरी शक्ति से चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की राजनीतिक गतिविधियों एवं प्रस्तावित गठबंधन को हिंदू महासभा गंभीरता से देख रही है। ओवैसी और उनके भाई द्वारा पूर्व में माता कौशल्या और भगवान श्रीराम के संबंध में की गई टिप्पणियों तथा श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के विरोध में दिए गए बयानों से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने सवाल उठाया कि ऐसे अनेक विवादित बयानों के बावजूद भाजपा ने ओवैसी के विरुद्ध राजनीतिक एवं कानूनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की पहल क्यों नहीं की?
उन्होंने कहा कि आज उसी राजनीतिक परिस्थिति में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातिगत ध्रुवीकरण और सामाजिक विभाजन की नई आशंकाएं पैदा कर रहा है। चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिशों पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों की बांटो और राज करो की नीति की तर्ज पर समाज को जातियों में बांटने वाली राजनीति को हिंदू महासभा स्वीकार नहीं करेगी।
स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कहा कि भाजपा भी इस परिस्थिति के लिए अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। यदि समय रहते हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाले बयानों पर उचित राजनीतिक और कानूनी कार्रवाई की गई होती, तो आज ऐसी राजनीतिक परिस्थितियां उत्पन्न नहीं होतीं। हिंदू महासभा किसी भी राजनीतिक दल को हिंदू समाज की भावनाओं की अनदेखी करने की छूट नहीं देगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री हिंदुत्व की विचारधारा और हिंदू महासभा के मूल सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने वाला होना चाहिए, जो संतों, मठों, मंदिरों, हिंदू समाज तथा सर्वसमाज की रक्षा कर सके। प्रदेश को ऐसा नेतृत्व चाहिए जो हिंदुत्व को सशक्त बनाए, युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करे और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान एवं गौरव की रक्षा करे।
अखिल भारत हिंदू महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा को जमीन पर उतारने के लिए संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क, संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों को लेकर अभियान चलाया जाएगा। योग्य, कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित लोगों को संगठन से जोड़कर चुनावी तैयारी को गति दी जाएगी। हिंदू महासभा उत्तर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में जनता के बीच जाएगी।
स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने घोषणा की कि अखिल भारत हिंदू महासभा उत्तर प्रदेश में अपने स्वतंत्र प्रत्याशी उतारने की तैयारी के साथ-साथ सभी हिंदुत्ववादी विचारधारा वाले राजनीतिक दलों को एक मंच पर लाने का प्रयास करेगी। इसके लिए राष्ट्रीय गठबंधन के अंतर्गत विभिन्न राजनीतिक दलों को एकजुट किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शिवसेना सहित कई महत्वपूर्ण राजनीतिक दलों के साथ बातचीत चल रही है। अन्य हिंदुत्ववादी संगठनों एवं राजनीतिक दलों से भी संपर्क किया जा रहा है। छठ पूजा के बाद इस संबंध में महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठकों एवं आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी।
जो भी दल अथवा योग्य व्यक्ति हिंदुत्व और हिंदू महासभा की विचारधारा के आधार पर चुनाव लड़ने के इच्छुक होंगे, उन्हें राष्ट्रीय गठबंधन के माध्यम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने बताया कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के चयन के लिए शीघ्र ही एक विशेष चुनाव समिति गठित की जाएगी। यह समिति प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में योग्य, कर्मठ, जनसेवा में सक्रिय और स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवारों का चयन करेगी।
उन्होंने कहा कि हिंदू महासभा सभी वर्गों के योग्य लोगों को चुनाव लड़ने का अवसर देगी। प्रत्याशी चयन में उनकी योग्यता, सामाजिक कार्य और जनसेवा को प्राथमिकता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *