देवरिया। जनपद के पिछड़े विकास खंडों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देशन में चयनित पांच आकांक्षात्मक विकास खंडों में से प्रथम चरण के तीन ब्लॉकों—बरहज, बनकटा और भागलपुर के नामित अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नीति आयोग से आईं विशेषज्ञ स्वाति श्रीवास्तव ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों की अलग-अलग टीमें बनाई गईं। नीति आयोग की प्रतिनिधि ने अधिकारियों से कार्यप्रणाली में व्यवहार परिवर्तन लाने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर दृष्टिकोण बदलना बेहद जरूरी है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी प्रशिक्षण में सीखी गई बातों का उपयोग कर अपने कार्यक्षेत्र की रैंकिंग में सुधार लाएं। उन्होंने विशेष रूप से निपुण भारत मिशन, बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण, वीएचएसएनडी सत्रों का नियमित आयोजन, खाद्य सुरक्षा, गन्ना मूल्य भुगतान और क्रय केंद्रों की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण संकेतकों पर गहनता से कार्य करने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी ने भी तीनों ब्लॉकों के अधिकारियों को सभी बिंदुओं को पूरी तन्मयता से आत्मसात कर फील्ड में लागू करने की हिदायत दी।
