13.32 क्विंटल गेहूं, 33.16 क्विंटल चावल और 51 किलो चीनी का स्टॉक मिला शून्य।
भलुअनी (देवरिया)। भलुअनी विकास खंड के बभनी सकरापार (जिगनी सोन्होली) ग्राम पंचायत स्थित अन्नपूर्णा भवन की सरका री राशन दुकान में खाद्यान्न के स्टॉक में बड़ी अनियमितता सामने आई है। पूर्ति विभाग की जांच में अभिलेखों में दर्ज गेहूं, चावल और चीनी मौके पर नहीं मिले। मामले में उचित दर विक्रेता बीरेन्द्र सिंह और उनके नाती पंकज सिंह के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की संस्तुति की गई है।
पूर्ति निरीक्षक संजीव त्रिपाठी की जांच रिपोर्ट के अनुसार, एमआईएस रिपोर्ट और चालान में दुकान पर 13.32 क्विंटल गेहूं, 33.16 क्विंटल चावल और 51 किलोग्राम चीनी उपलब्ध होनी चाहिए थी। जांच के दौरान अन्नपूर्णा भवन स्थित दुकान खुलवाकर खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन कराया गया तो वहां गेहूं, चावल और चीनी का स्टॉक शून्य मिला। दुकान में खाद्यान्न का एक भी बोरा नहीं मिला।
जांच रिपोर्ट में उचित दर विक्रेता पर सरकारी खाद्यान्न के व्यवर्तन और कालाबाजारी का आरोप लगाया गया है। इस मामले में उनके नाती पंकज सिंह की भूमिका भी सामने आने की बात कही गई है। मौके पर तैयार फर्द और बरामदगी संबंधी अभिलेख पर पंकज सिंह के हस्ताक्षर होने का भी उल्लेख किया गया है।
पूर्ति निरीक्षक संजीव त्रिपाठी के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की संस्तुति के आधार पर दोनों के विरुद्ध भलुअनी थाने में तहरीर दे दी गई है। पुलिस की ओर से मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
