रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के सेमरौना पुल स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थल पर प्रकाश, विद्युत, बैरिकेडिंग, पेयजल और गोताखोरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ ही विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा, ताकि मौके पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और विसर्जन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रुद्रपुर राजकुमार गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत रुद्रपुर, खंड विकास अधिकारी रुद्रपुर, पुलिस अधिकारी, थानाध्यक्ष रुद्रपुर सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
