देवरिया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मंगलवार को उस समय हर कोई भावुक हो उठा, जब एक असहाय और बुजुर्ग दिव्यांग महिला अपनी रुकी हुई पेंशन की गुहार लेकर जिलाधिकारी के सामने पहुंची। तहसील बरहज के अंतर्गत ग्राम पैना एकडंगा की रहने वाली मलेहरी देवी ने जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को अपनी व्यथा सुनाई कि उन्हें पिछले कुछ समय से दिव्यांग पेंशन की धनराशि नहीं मिल सकी है, जिससे उनके सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बुजुर्ग महिला की पीड़ा को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाई और तत्काल मौके से ही जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी को फोन घुमा दिया। डीएम ने मामले की तत्काल विधिक जांच कर पेंशन की धनराशि जारी कराने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग द्वारा जब आवेदिका के अभिलेखों और बैंक खाते की तकनीकी जांच की गई, तो स्थिति स्पष्ट हुई। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि मलेहरी देवी की मार्च 2026 तक की पेंशन की धनराशि पूर्व में ही उनके खाते में सफलतापूर्वक भेजी जा चुकी है। इसके बाद की शेष किस्तों का भुगतान एसएलए प्रणाली में तकनीकी अपडेशन की प्रक्रिया चलने के कारण रुका हुआ था। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रणाली के अपडेट होते ही आगामी 20 अक्टूबर तक पेंशन की दूसरी किस्त की रुकी हुई धनराशि सीधे बुजुर्ग महिला के मूल बैंक खाते में अंतरित (क्रेडिट) कर दी जाएगी। डीएम से मिले इस ठोस आश्वासन के बाद फरियादिनी ने प्रशासन का आभार जताया।
