व्यवहार बदलें और जनता का विश्वास जीतें : डीएम

0Shares

देवरिया। जनपद के चयनित आकांक्षात्मक विकास खंडों में विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को दूसरे चरण का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में विकास खंड गौरीबाजार और लार के नामित नोडल अधिकारियों को नीति आयोग की प्रतिनिधि स्वाती श्रीवास्तव ने तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि आकांक्षात्मक ब्लॉकों में तैनात अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में व्यवहार परिवर्तन लाएं और योजनाओं को सीधे जमीनी स्तर पर उतारें। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने क्लस्टर क्षेत्रों में हर समस्या का त्वरित समाधान खोजें और आमजन के बीच जाकर उनका विश्वास जीतें। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने भी प्रशिक्षण के विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला। नीति आयोग की विशेषज्ञ स्वाती श्रीवास्तव ने अधिकारियों को व्यवहार परिवर्तन के विभिन्न आयामों की तकनीकी जानकारी देने के साथ ही अंतर्विभागीय समन्वय के माध्यम से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के गुर सिखाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *