डीएम ने कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क पर ही सुनी जनता की फरियाद

0Shares

देवरिया। आगामी विधानसभा निर्वाचन को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से जुटा हुआ है। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के फर्स्ट लेवल चेकिंग कार्य का जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात भेल के अभियंताओं और निर्वाचन कार्यालय के कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य संपादित करने के कड़े निर्देश दिए। यह पूरी चेकिंग मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की प्रत्यक्ष मौजूदगी में संपन्न कराई जा रही है।
औचक निरीक्षण समाप्त करने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी जैसे ही कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर मुख्य सड़क की ओर आ रहे थे, तभी वहां अपनी समस्याओं को लेकर खड़े दर्जनों फरियादी उन्हें देखकर अपनी गुहार लगाने लगे। जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपना काफिला रुकवाया और कार्यालय जाने के बजाय बीच सड़क पर ही खड़े होकर एक-एक कर सभी पीड़ितों और ग्रामीणों की समस्याओं व प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से सुना।
रास्ते में ही आमजन की फरियाद सुनने के बाद जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को फोन और व्यक्तिगत रूप से कड़ी हिदायत दी कि इन सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनता की बुनियादी समस्याओं के प्रति जिला प्रमुख का यह संवेदनशील रवैया कलेक्ट्रेट मार्ग पर चर्चा का विषय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *