काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के यात्रियों को हुई परेशानी
भटनी (देवरिया)। भटनी रेलवे स्टेशन के पास 115 नंबर रेलवे गेट के सामने मंगलवार को डाउन लाइन पर मालगाड़ी का इंजन फेल होने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। इसके चलते डाउन रेलखंड पर करीब 2 घंटे तक ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही। अचानक आई इस तकनीकी समस्या से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई ट्रेनें भटनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार, 115 नंबर गेट के सामने डाउन लाइन पर गुजर रही मालगाड़ी का इंजन अचानक फेल हो गया। इसके बाद रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया। इस दौरान काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। स्टेशन पर ट्रेन के रुकने और परिचालन में देरी के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई।
मामले में रेलवे के अधिकारियों से जानकारी लेने पर बताया गया कि मालगाड़ी का इंजन फेल होने के कारण डाउन लाइन पर परिचालन प्रभावित हुआ है। करीब तीन घंटे तक रेल यातायात बाधित रहने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इंजन फेल होने की इस घटना ने रेल परिचालन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।
