8.80 लाख रुपये की हुई थी ठगी
देवरिया । साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को देवरिया साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित के खाते में 5.40 लाख रुपये वापस करा दिए गए। शेष धनराशि वापस कराने के लिए पुलिस की ओर से विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सलेमपुर थाना क्षेत्र के इचौना पश्चिम गांव निवासी विनायक विश्वकर्मा के साथ 22 अक्टूबर को 8.80 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान ठगी की रकम में से 5.40 लाख रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।
रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने देवरिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में साइबर क्राइम पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक जयप्रकाश दूबे, शिवांग तोमर, कांस्टेबल विजय राय और अजय दीक्षित शामिल रहे।
साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत
देवरिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके साथ ही www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय से शिकायत करने पर ठगी की धनराशि को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।
