ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक आयोजित होगा पीएम किसान उत्सव दिवस
देवरिया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इस अवसर पर जिले की ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, तहसीलों, कृषि विज्ञान केंद्रों और जिला स्तर पर पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से योजना की किस्त जारी करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने पात्र किसानों का पंजीकरण कराने, योजना से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने और शिकायतों का निस्तारण करने पर जोर दिया। साथ ही कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और किसानों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण https://pmindiawebcast.nic.in पर देखा जा सकेगा।
