गन्ना मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग

0Shares

बकाया भुगतान ब्याज सहित करने और 14 दिन के भीतर धरने की चेतावनी

श्रीरामपुर (देवरिया)। आगामी पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने और बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित तत्काल भुगतान कराने की मांग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय किसान सभा (एआइकेएस) के बनकटा मंडल के किसानों ने सहकारी गन्ना समिति प्रतापपुर के कार्यालय पर धरना दिया। मंडल अध्यक्ष बृजानंद यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला गन्ना अधिकारी को संबोधित करते हुए समिति के सुपरवाइजर को सौंपा।
किसान सभा ने मांग की कि प्रतापपुर चीनी मिल प्रबंधन मिल चालू होने से पहले किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित करे। आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए तथा चालू सत्र में गन्ना आपूर्ति के 14 दिन के भीतर भुगतान किया जाए। इसके साथ ही चीनी के मूल्य पर नियंत्रण, गन्ने का क्षेत्रफल बढ़ाने और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रथम पक्ष में पेड़ी गन्ने की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसान समय से रबी की फसलों की बुवाई कर सकें। समिति के माध्यम से किसानों को सस्ती दर पर खाद और बीज उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
किसान सभा ने चीनी मिल प्रबंधन और शासन-प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मिल गेट पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों की आलोचना भी की गई।
किसान नेताओं ने समिति में हाल ही में आयोजित एजीएम (वार्षिक सामान्य सभा) में निर्वाचित डेलीगेटों और आम किसानों को सूचना नहीं दिए जाने पर भी आपत्ति जताई। इस संबंध में समिति के सचिव से फोन पर वार्ता कर कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताया।
धरने में साधुशरण, जयप्रकाश यादव, नथुनी कुशवाहा, चंद्रभान सिंह, बृजानंद यादव, पहवारी सिंह, किताब यादव और केशव सिंह सहित अन्य किसान नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *