एनपीएस से बुढ़ापे में मिलेगी आर्थिक सुरक्षा, 125 से अधिक किसानों व उद्यमियों ने लिया प्रशिक्षण

0Shares

पीएफआरडीए के विशेषज्ञों ने समझाई खाता खोलने की प्रक्रिया, निवेश और पेंशन के लाभ

देवरिया। कामना रेजीडेंसी, भटवलिया चौराहा में शुक्रवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला बैंक कार्यालय एवं पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के संयुक्त तत्वावधान में एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 125 से अधिक किसानों, उद्यमियों, ग्रामीण कारीगरों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने लोगों को पेंशन योजनाओं की जानकारी देकर बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक आरएस प्रेम, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राहुल यादव, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख मोहम्मद अफजल उर्फ इस्लाम, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख गौरव कुमार सिंह तथा पीएफआरडीए के उप महाप्रबंधक सुवग्या कुमार सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।
तकनीकी सत्र में पीएफआरडीए के विशेषज्ञों ने एनपीएस खाते खोलने की प्रक्रिया, आवेदन पत्र भरने और डिजिटल माध्यम से पंजीकरण करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक प्रतिनिधि और संबंधित संस्थाएं ग्रामीण एवं असंगठित क्षेत्र के लोगों को इस योजना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
विशेषज्ञों ने एनपीएस में दीर्घकालिक निवेश, चक्रवृद्धि लाभ, निवेश के विकल्प और सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन प्राप्त करने की व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि लोग अपनी आय और जरूरत के अनुसार निवेश कर भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा तैयार कर सकते हैं। हालांकि, यह योजना बाजार आधारित है, इसलिए इसमें मिलने वाला प्रतिफल निश्चित या गारंटीकृत नहीं है।
कार्यक्रम में किसानों और उद्यमियों ने योजना से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक आरएस प्रेम ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *