चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और धार्मिक स्थलों के आसपास रहने वाले निराश्रितों का होगा चिन्हांकन
देवरिया । सड़कों और फुटपाथों पर बदहाल जिंदगी गुजारने वाले बेसहारा, बेघर, मानसिक रूप से बीमार और दिव्यांग लोगों को अब सहारा मिलेगा। ऐसे निराश्रित लोगों को चिन्हित कर उनका पुनर्वास कराने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद में जिला स्तरीय रेस्क्यू टास्क फोर्स गठित की है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें जरूरी देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य मानवीय संवेदना से जुड़ा है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी गंभीरता से जिम्मेदारी निभाने को कहा।
टास्क फोर्स शहर के प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, टैक्सी स्टैंड, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अकेले व असहाय जीवन गुजार रहे लोगों को चिह्नित करेगी। इनमें महिला, पुरुष, बच्चे और थर्ड जेंडर के साथ मानसिक रूप से बीमार, मंदबुद्धि एवं दिव्यांग व्यक्ति भी शामिल होंगे।
डीएम ने समिति के सभी सदस्यों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और ऐसे लोगों की सूचना मिलते ही उनकी पूरी⭐ जानकारी साझा करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को आपसी समन्वय से रेस्क्यू कराकर पुनर्वास सुनिश्चित कराने को कहा गया। आम नागरिक भी ऐसे लोगों की जानकारी कल्याण साथी हेल्पलाइन 14568, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दे सकते हैं।
वहीं, जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लंबित आवेदनों पर नाराजगी जताते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को चिन्हांकन की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने तथा प्रत्येक मंगलवार को पुनर्वास की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी नम्रता सिंह, सावित्री राय, बाल कल्याण संरक्षण अधिकारी जेपी तिवारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
