हाईस्कूल से स्नातक आईटीआई और डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग
भाटपाररानी (देवरिया)। बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चार नवंबर 2026 को मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज, भाटपाररानी परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल कैरियर सेंटर, देवरिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला सुबह नौ बजे से शुरू होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा ने बताया कि रोजगार मेले में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, एलआईसी शाखा-2 देवरिया, एलआईसी भाटपाररानी और श्रीराम फाइनेंस सहित कई निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियों की ओर से साक्षात्कार के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने और चयन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि अभ्यर्थियों को आने-जाने का किराया या अन्य कोई भत्ता नहीं मिलेगा। इच्छुक युवा अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, देवरिया से संपर्क कर सकते हैं।
