170 हिंदू और 11 मुस्लिम जोड़ों का विधि-विधान से संपन्न हुआ विवाह
पथरदेवा (देवरिया)। आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज पथरदेवा के प्रांगण में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 181 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 170 हिंदू और 11 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। तरकुलवा ब्लॉक प्रमुख राम आशीष गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा, भाजपा नेता प्रभात सिंह, रणधीर सिंह गोलू, दिनेश प्रसाद, संजय सिंह, रामायन साहनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक निर्धारित है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये की गृहस्थी की सामग्री दी जाती है। शेष 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
