दूध-मिठाई के छह नमूने लिए
भाटपाररानी (देवरिया)। दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर जांच अभियान चलाया। इस दौरान दूध और मिठाइयों के छह नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर पथरदेवा के एक मिठाई प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में सुबह बाहर से आने वाले दूध के वाहनों की जांच की गई। इस दौरान दूध के दो नमूने लिए गए। इसके बाद भाटपाररानी तहसील क्षेत्र की प्रमुख मिठाई दुकानों पर जांच कर मिठाइयों के चार नमूने संग्रहित किए गए।
उधर, पथरदेवा के केडी चौराहा स्थित नंद बाबा स्वीट्स पर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने और साफ-सफाई में कमी मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई। रुद्रपुर क्षेत्र में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वाहन के जरिए कारोबारियों और उपभोक्ताओं को मिलावट की पहचान तथा उससे बचाव के प्रति जागरूक किया गया। यहां छेना मिठाई और बेसन के लड्डू के नमूने भी लिए गए।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। दीपावली तक मिलावटखोरी के खिलाफ छापेमारी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
