सुपरवाइजर का वेतन रोकने के निर्देश
देवरिया । कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने पोषण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की कम उपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने 50 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विकासखंडों के संबंधित सुपरवाइजर का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों का भी प्रभावी संचालन हो। योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, जिन केंद्रों पर अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं हुआ है, वहां तीन नवंबर तक हर हाल में विद्युत कनेक्शन कराने का अल्टीमेटम दिया गया।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीडीपीओ भाटपाररानी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, सीएमओ डॉ. एसके सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
