सरस मेले में महिलाओं ने हुनर और स्वनिर्मित उत्पादों से बिखेरी चमक

0Shares

देवरिया की थीम पर तीन दिवसीय मेले में लगे विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल

 

देवरिया। विकास भवन परिसर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित तीन दिवसीय देवरिया सरस मेला-2026 में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने हुनर और स्वनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया। 27 से 29 अक्टूबर तक चले मेले में जिले के विभिन्न विकास खंडों से आई महिलाओं ने आकर्षक स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
‘सशक्त महिला, समृद्ध देवरिया’ थीम पर आयोजित मेले का शुभारंभ सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
मेले में महिलाओं ने अचार, मसाले, खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, सजावटी सामान, पूजा सामग्री, झाड़ू, परिधान सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल लगाए। विधायक ने महिलाओं से उत्पादों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और बिक्री से होने वाली आय के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान महिलाओं को स्वरोजगार, कृषि, पशुपालन, कौशल विकास, बैंक ऋण और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूहों को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया। मेले का उद्देश्य महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनकी आय बढ़ाना और लखपति दीदी की परिकल्पना को साकार करना रहा।
तीन दिवसीय सरस मेले ने ग्रामीण महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और उद्यमशीलता को आगे बढ़ाने का बेहतर मंच प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *