ऑनलाइन जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र
देवरिया । पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए अब कोषागार का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। शासन की पहल पर कोषागार देवरिया में पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान पेंशनर हेल्पडेस्क के माध्यम से कोषागार कर्मियों ने उन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण दिया।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनर वेबसाइट, आधार ऐप और जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसके लिए बैंक खाता संख्या, पीपीओ नंबर और आधार संख्या जरूरी होगी। स्मार्टफोन में Aadhaar Face RD और Jeevan Pramaan ऐप इंस्टॉल कर फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए भी प्रमाण पत्र जमा किया जा सकता है। इसके अलावा उमंग ऐप से बायोमेट्रिक सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि जीवन प्रमाण पत्र वर्ष में एक बार किसी भी माह में जमा किया जा सकता है। जिन पेंशनरों को अपना पीपीओ नंबर नहीं मालूम है, वे कोषवाणी की वेबसाइट पर बैंक खाता संख्या दर्ज कर इसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने पेंशनरों से डिजिटल माध्यम का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की, ताकि उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कोषागार नहीं आना पड़े और प्रक्रिया आसान हो सके।
