डीएम ने दिया निर्देश, पेट्रोल पंपों और बाट-माप की भी होगी जांच
देवरिया । राशन वितरण में घटतौली और अनियमितता मिलने पर अब केवल कोटेदार ही नहीं, बल्कि संबंधित पूर्ति निरीक्षक की भी जवाबदेही तय होगी। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने स्पष्ट किया कि राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत सही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आपूर्ति, खाद्य एवं रसद, बाट-माप तथा मंडी विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित और पारदर्शी राशन वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय पर पूरा राशन मिलना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने जनपद में रिक्त राशन दुकानों का आवंटन प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दुकान का आवंटन तीन माह से अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। इसके साथ ही राशन कार्ड बनाने और आधार सीडिंग के कार्य में तेजी लाने को कहा।
बाट-माप में गड़बड़ी और पेट्रोल पंपों पर घटतौली रोकने के लिए अभियान चलाकर नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
किसानों के पंजीकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ और मंडी विभाग को इस माह अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य दिया। अनाज मंडियों में जागरूकता शिविर लगाकर किसानों को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने को भी कहा।
उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर, जिला पूर्ति अधिकारी, डिप्टी आरएमओ, मंडी सचिव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
