एग्रीस्टैक योजना में किसानों का शत-प्रतिशत डाटा दर्ज कराने पर जोर, सीडीओ ने की समीक्षा

0Shares

देवरिया । मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बुधवार को गांधी सभागार, विकास भवन में एग्रीस्टैक योजना एवं कृषि से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने किसानों का शत-प्रतिशत डाटा एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में उप कृषि निदेशक ने एग्रीस्टैक योजना के तहत गठित जनपद स्तरीय टास्क फोर्स को योजना की विस्तृत जानकारी दी। सीडीओ ने कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान डीएपी की अतिरिक्त मांग शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि रबी फसलों की बुवाई के समय किसानों को खाद की किल्लत का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है।
सीडीओ ने निर्देश दिया कि कृषि विभाग की ओर से आयोजित किसान मेला, गोष्ठी, फसल प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रमों की तस्वीरें ग्राम पंचायत स्तर पर बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में गूगल लोकेशन के साथ साझा की जाएं। इससे किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उद्यान विभाग की समीक्षा में जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि आम, अमरूद, पपीता और केला की बागवानी पर अनुदान दिया जा रहा है। वहीं, सब्जियों और मसालों की खेती को बढ़ावा देने के लिए पंजीकृत किसानों को चेरी टमाटर, मिर्च, करेला, खीरा, प्याज, लहसुन और हल्दी के बीज निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
खेतों की घेराबंदी योजना के तहत दो हजार का लक्ष्य मिलने के सापेक्ष करीब 16 हजार किसानों के आवेदन प्राप्त होने की जानकारी दी गई। इसके अलावा गेंदा फूल की खेती और मधुमक्खी पालन से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने उद्यान विभाग को भी कराए गए कार्यों की तस्वीरें गूगल लोकेशन के साथ व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *