
देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को तहसील सदर के ग्राम परसिया भंडारी में किसान कृष्ण मोहन के खेत में धान की क्रॉप कटिंग कराकर उत्पादन का जायजा लिया। गाटा संख्या 15 के एक डिसमिल क्षेत्रफल में धान की कटाई और मड़ाई कराने पर कुल 11.54 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। यह उत्पादन औसत उत्पादकता से काफी कम पाया गया। जांच में इसकी वजह धान की रोपाई मानक के अनुरूप नहीं होना बताई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से फसलों की वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया जाता है। इसके आधार पर कृषि संबंधी योजनाओं और नीतियों के निर्धारण में मदद मिलती है। जिले की सभी तहसीलों में क्रॉप कटिंग कराकर औसत उत्पादन का आंकड़ा तैयार किया जाएगा।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना पंजीकरण कराकर धान क्रय केंद्रों पर ही उपज बेचें, ताकि उन्हें सरकार की ओर से निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।
इस दौरान जिला सांख्यिकीय अधिकारी, तहसीलदार सदर सहित कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
