
आवास के नाम पर वसूली करने वालों पर होगी कार्रवाई
देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को जनपद के सभी नगर पालिका एवं नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लंबित सभी प्रकरणों का इसी माह शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि आवास के आवेदनों की जांच पहले आए आवेदनों के क्रम में ही की जाए। योजना का लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र व्यक्तियों को पारदर्शी तरीके से मिले। आवास दिलाने के नाम पर कहीं भी वसूली की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों के ठेकेदारों का भुगतान दीपावली से पूर्व सुनिश्चित करने को कहा। वहीं मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए नगरों में विशेष साफ-सफाई और छठ घाटों पर बेहतर व्यवस्था करने को कहा। पटाखों की दुकानों का निरीक्षण कर अग्निशमन उपकरण, बाल्टी और रेत की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्धारित पटाखा बिक्री स्थलों पर अग्निशमन टैंकर की व्यवस्था रखने तथा सड़कों पर अतिक्रमण रोककर जाम की समस्या से निजात दिलाने को भी कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर, एएसडीएम नम्रता सिंह सहित सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।
