मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करें अधिकारी : डीएम

0Shares

आभा आईडी बनाने में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के दिए निर्देश

देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी स्वास्थ्य अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें और आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आरबीएसके टीमों के कार्यों का सत्यापन कराने तथा उनके भ्रमण और कार्यों का रोस्टर जारी करने के निर्देश दिए। आभा आईडी बनाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने को कहा।
डीएम ने 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए थाना दिवस एवं तहसील दिवस पर विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही बीओसीडब्ल्यू के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों का भी आयुष्मान कार्ड बनाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, गर्भवती महिलाओं का समय से पंजीकरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और शत-प्रतिशत टीकाकरण पर विशेष जोर दिया। कहा कि आशा एवं एएनएम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और बच्चों का नियमित फॉलोअप कराया जाए। स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ सभी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से संचालित हों।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *