
मुबारकपुर (आजमगढ़)। विश्वविख्यात दीनी शिक्षण संस्थान अल-जामियातुल अशरफिया मुबारकपुर के संस्थापक हज़रत अल्लामा शाह अब्दुल अज़ीज़ मुहद्दिस मुबारकपुरी हाफिज-ए-मिल्लत अलैहिर्रहमा का 52वां सालाना उर्स दो दिवसीय कार्यक्रमों के साथ अकीदत और एहतराम के माहौल में संपन्न हुआ। उर्स में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में उलमा, मशाइख, जामिया के फरोग्ता और अकीदतमंद शामिल हुए।
उर्स के अवसर पर दिन में कुरआनख्वानी, गुलपोशी और चादरपोशी के कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं रात में आयोजित जलसे में देश के विभिन्न हिस्सों से आए उलमा-ए-किराम ने हाफिज-ए-मिल्लत की दीनी, तालीमी और इल्मी सेवाओं पर विस्तार से रोशनी डाली। वक्ताओं ने कहा कि हाफिज-ए-मिल्लत की जिंदगी इल्म, अमल, सादगी और दीनी खिदमत का बेहतरीन नमूना है।
उर्स का प्रमुख आकर्षण जलसा-ए-दस्तारबंदी रहा, जिसमें जामिया से फारिग होने वाले 300 से अधिक छात्रों के सिर पर दस्तार बांधी गई। इस मौके पर उलमा-ए-किराम ने छात्रों को इल्म के साथ अमल, अखलाक और इंसानियत की सेवा का संदेश दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआ की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक हस्तियों ने हाफिज-ए-मिल्लत के मजार पर चादरपोशी कर खिराज-ए-अकीदत पेश किया। दो दिवसीय उर्स के दौरान पूरे परिसर में धार्मिक और रूहानी माहौल बना रहा। आखिर में मुल्क में अमन-शांति, भाईचारे, तरक्की और पूरी दुनिया में इंसानियत की सलामती के लिए सामूहिक दुआ के साथ उर्स का समापन हुआ।
