
लखनऊ। बाल दिवस के अवसर पर दिनांक 14 नवम्बर 2026 को इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ में विद्यार्थियों एवं आमजन के लिए विशेष शैक्षिक एवं वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर नक्षत्रशाला में लगभग 4000 से 4500 विद्यार्थियों एवं दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, जबकि सामान्य दिनों में नक्षत्रशाला में औसतन 400 से 600 तथा विशेष अवसरों पर लगभग 1000 दर्शक प्रतिदिन पहुंचते हैं। बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को विज्ञान एवं खगोल विज्ञान के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उन्हें उपयोगी नागरिक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के सहयोग से निःशुल्क आधार शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। इस शिविर में विद्यार्थियों को आधार से संबंधित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता एवं खगोलीय जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न रोचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से सूर्यदर्शन कार्यक्रम, खगोलीय प्रश्नोत्तरी (Astronomical Quiz), पेंटिंग प्रतियोगिता एवं अन्य विज्ञान आधारित गतिविधियां शामिल हैं। यह सभी गतिविधियाँ नि:शुल्क है ।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को खगोलीय घटनाओं, सौरमंडल, अंतरिक्ष विज्ञान एवं वैज्ञानिक अवधारणाओं से परिचित कराया जाएगा। साथ ही, उन्हें मनोरंजक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान को समझने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, परिषद् के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत संचालित एक प्रमुख विज्ञान संचार एवं खगोल विज्ञान जागरूकता केंद्र है। नक्षत्रशाला द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों एवं आमजन के लिए इस प्रकार के शैक्षिक एवं जनोपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
