नंबर प्लेट छिपाकर हो रहा था बालू का परिवहन, राजस्व, खनन और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप
सलेमपुर (देवरिया)। सलेमपुर क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व विभाग, खनन विभाग और सलेमपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर बाहर से बालू लादकर आ रहे दो दर्जन से अधिक ट्रकों को सीज कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से ट्रक मालिकों, चालकों और बालू कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई।
जांच के दौरान कई ट्रकों में नियमों की अनदेखी सामने आई। कुछ वाहनों की नंबर प्लेट पर ग्रीस और कालिख लगाकर नंबर छिपाए गए थे, जबकि कुछ ट्रकों पर कपड़ा डालकर नंबर प्लेट ढकी गई थी। वहीं, कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट ही नहीं लगी थी। ऐसे में वाहनों की पहचान छिपाकर बालू का परिवहन किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
संयुक्त टीम ने सभी संदिग्ध वाहनों को कब्जे में लेकर सीज करने की कार्रवाई की। इसके साथ ही ट्रकों में लदी बालू के स्रोत, परिवहन से संबंधित अनुमति, ई-चालान और कर भुगतान के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में उपजिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार, तहसीलदार सुशील कुमार राजपूत, खनन अधिकारी जितेंद्र शर्मा और सलेमपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह सहित राजस्व, खनन विभाग एवं पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
