रबी गोष्ठी में किसानों को उन्नत खेती के बताए गए तरीके, पराली न जलाने की अपील

0Shares

 

जैविक खेती, फसल अवशेष प्रबंधन और कृषि उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय बाजार में विपणन की दी गई जानकारी

देवरिया । कृषि विज्ञान केंद्र मल्हना, भाटपाररानी में गुरुवार को कृषि सूचना तंत्र योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकास खंडों से पहुंचे किसानों को उन्नत खेती, जैविक कृषि और फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी देकर आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के पूर्व प्रोफेसर डॉ. रवि प्रकाश मौर्य रहे। गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को रबी फसलों की बेहतर पैदावार के लिए वैज्ञानिक विधियों से खेती करने के तरीके बताए। डॉ. शीष पाल पुनिया, डॉ. अजय पुंडीर, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. दीपक सिंह एवं गेहूं एवं मक्का अनुसंधान संस्थान के डॉ. अनुराग कुमार ने लाइन सोइंग विधि से बुवाई के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से बुवाई करने से फसलों का बेहतर विकास होता है और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलती है।
वैज्ञानिकों ने फसल अवशेष प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में बताया। किसानों को फसल अवशेषों को खेत में ही सड़ाकर जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
वहीं, एपीडा वाराणसी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. सत्येंद्र सिंह ने किसानों को कृषि उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय बाजार में विपणन की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किसान अपने उत्पादों को बेहतर तरीके से बाजार तक पहुंचाकर अधिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने अतिथियों एवं किसानों का स्वागत करते हुए जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान खेतों में पराली न जलाएं, बल्कि फसल अवशेषों को खेत में सड़ाकर जैविक खाद के रूप में उपयोग करें। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहेगी और खेती की लागत कम करने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र मल्हना के वैज्ञानिक डॉ. अंकुर शर्मा, डॉ. जय कुमार, डॉ. मान्धाता सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *