विकसित भारत के विजन पर युवाओं ने रखे विचार, मुस्कान ने मारी बाजी

0Shares

जनपद स्तरीय चैंपियनशिप में युवाओं ने पीपीटी के जरिए दिखाई प्रतिभा।

देवरिया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से शुक्रवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में राष्ट्रीय युवा उत्सव 2026-27 के तहत जनपद स्तरीय चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रतियोगिता में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के चैलेंज ट्रैक के अंतर्गत प्रतिभागियों ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपनी प्रतिभा और विचारों का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय डेमोग्राफिक डिविडेंड एंड ह्यूमन कैपिटल डेवलपमेंट रहा। इस विषय पर प्रतिभागियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका, जनसांख्यिकीय लाभांश और मानव संसाधन विकास से जुड़े विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रस्तुतीकरण, विषय की समझ और विचारों के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में मुस्कान जायसवाल ने प्रथम, नितीश कुमार सिंह ने द्वितीय तथा दिव्यांशु मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य विकास अधिकारी ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
निर्णायक मंडल में दीनानाथ पांडेय महिला पीजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर पंकज कुमार शुक्ल, बाबा राघवदास पीजी कॉलेज के प्रोफेसर ज्ञानेंद्र सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी तथा विषय विशेषज्ञ राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया के प्रधानाध्यापक गोविंद सिंह शामिल रहे।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह, नीरज कुमार मिश्रा, संतोष कुमार, कुलदीप सिंह, ओमप्रकाश और रविशंकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *