हत्या के प्रयास के मामले में छह वांछित आरोपी गिरफ्तार

0Shares

पुरानी रंजिश में दंपती समेत सात लोगों पर हुआ था हमला

देवरिया। कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार, 20 नवंबर को कोतवाली परिसर के गेट के पास से सभी आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे कोतवाली क्षेत्र के रजला टोला निवासी नेहा देवी पत्नी अर्जुन राजभर अपने पति के साथ दोपहिया वाहन से बाजार जा रही थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रास्ते में कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर दंपती घर पहुंचे तो आरोप है कि विपक्षियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडे, चाकू और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
हमले में नेहा देवी, उनके पति अर्जुन, देवर पंकज, अभिषेक, संतोष, सिरजावती और आशा घायल हो गए। आरोपियों ने उनका दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 824/2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक राजभर पुत्र संतोष राजभर, अर्जुन राजभर पुत्र स्वामीनाथ राजभर तथा निकेश राजभर, विकास राजभर, आकाश राजभर और मुकेश राजभर पुत्रगण राजू राजभर शामिल हैं। सभी आरोपी रजला चौहान टोला (भर टोला), थाना कोतवाली, जनपद देवरिया के निवासी हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक मनीष सिंह, हेड कांस्टेबल गुड्डू प्रजापति, कांस्टेबल अवधेश यादव और आरक्षी गौरव यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *