कांवरियों की सुविधा को लेकर एसडीएम नेहा मिश्रा ने किया मंदिरों व तालाबों का निरीक्षण

0Shares

लालगंज (आजमगढ़)। सावन के दूसरे सोमवार को कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर लालगंज एसडीएम नेहा मिश्रा ने क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान रटेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित तालाब का निरीक्षण कर साफ-सफाई अभियान शुरू कराने के निर्देश दिए गए। मंदिरों में व्यवस्थाओं के साथ ही कांवरियों के ठहरने, बैठने और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। एसडीएम नेहा मिश्रा ने भगवानपुर सहित अन्य क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया। भगवानपुर में एफआर सूची से चार मामलों के निस्तारण की प्रगति देखी गई। मौके पर लेखपाल, तकनीकी कर्मचारी, ग्राम प्रधान और ग्रामीण मौजूद रहे।इसी क्रम में रेतवाचंद्रभानपुर, एनपी जोन लालगंज में एफआर से संबंधित कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया गया। यहां सूची में शामिल कुल सात पंजीकरण पूरे किए गए, जबकि सूची से बाहर के दो लोगों का भी पंजीकरण किया गया। अभी करीब 30 पंजीकरण पूरे किए जाने बाकी हैं। निरीक्षण के दौरान लेखपाल, तकनीकी कर्मचारी और सभासद मौजूद रहे।

सावन माह को देखते हुए एसडीएम के लगातार निरीक्षण और मौके पर अधिकारियों को दिए जा रहे निर्देश क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। प्रशासन का जोर धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधा और मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर है। एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि सावन का पवित्र माह चल रहा है और इस दौरान कांवरियों का लगातार आवागमन हो रहा है। कांवरियों के ठहरने और बैठने की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिरों का निरीक्षण किया जा रहा है। तालाबों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। रटेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित तालाब में मंगलवार से विशेष सफाई अभियान शुरू कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं और कांवरियों को बेहतर सुविधा मिल सके। आगे क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए इस स्थान को विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक हरिद्वार सिंह भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *