गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ हुआ गणेश प्रतिमा का विसर्जन

0Shares

आज़मगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र में शनिवार की शाम गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच गणेश प्रतिमाओं का धूमधाम से विसर्जन किया गया। भक्त डीजे की धुन पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
निजामाबाद, बड़ागांव सहित अन्य स्थानों पर सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं की पांच दिवसीय स्थापना की गई थी। और आज दोपहर से ही विसर्जन की तैयारियां शुरू कर दी गईं थीं ।शाम होते ही गणेश प्रतिमा को फूल-मालाओं से सजे वाहनों पर विराजमान कर गाजे-बाजे के साथ गांव भ्रमण कराया गया।
इस दौरान श्रद्धालु “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” तथा “अब जाना नाथ विसर्जन है, फिर आना नाथ निमंत्रण है” जैसे जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। विसर्जन यात्रा के दौरान नगर व आसपास का माहौल पूरी तरह धार्मिक और भक्तिमय बना रहा।
बड़ागांव में घरभरन गुप्ता के आवास पर पिछले करीब दस वर्षों से गणपति उत्सव लगातार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पांच दिनों तक प्रतिदिन सुबह-शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन और आरती में शामिल हुए। उत्सव के अंतिम दिन भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
विसर्जन यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निजामाबाद थाना पुलिस की फोर्स विभिन्न स्थानों पर तैनात रही।
इस अवसर पर घरभरन गुप्ता, गुलाब गुप्ता, हरि गुप्ता, बृजेश प्रजापति, जगदम्बा चौहान, नीरजा कांत मिश्र, प्रकाश प्रजापति, लेखई प्रजापति, सत्यम प्रजापति, आर्यन गौड़, मिठाई लाल गौड़, बेचू प्रजापति, मंत्री लाल चौहान, दीपचंद्र प्रजापति, हरिकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *