चोरी का पर्दाफाश, मोबाइल व नकदी के साथ युवक गिरफ्तार

0Shares

खामपार (देवरिया)। खामपार थाना पुलिस ने रविवार को चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी का सैमसंग गैलेक्सी ए17 मोबाइल फोन और 1,070 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने केरवनिया पुल के पास से भोला यादव पुत्र वृजानंद यादव निवासी खरहारी, पोस्ट भाटपार रानी को गिरफ्तार किया। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष है। तलाशी में चोरी का मोबाइल और नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध खामपार और भाटपार रानी थाने में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। खामपार थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 221/2026 में धारा 305(क) व 317(2) बीएनएस तथा भाटपार रानी थाने में वर्ष 2020 में चोरी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रियांशु कुमार दुबे, कांस्टेबल मुकेश कुमार, रामप्रवेश यादव और रोहित यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *